Saturday, September 28, 2024

ग्वालियर में RTI एक्टिविस्ट के घर पर फेंके पत्थर:अंदर घुसकर डराया, महिलाओं से अभद्रता की, केस दर्ज

Dainik Bhaskar: Gwalior: Saturday, 28 September 2024.
ग्वालियर में शुक्रवार सुबह
RTI एक्टिविस्ट संकेत साहू के घर पर एक युवक ने हमला किया है। गाली गलौज करता हुआ युवक RTI एक्टिविस्ट के पिता के शासकीय आवास में बिना किसी खौफ के घुस कर पथराव किया। यही नहीं, मारपीट कर महिलाओं से अभद्रता की है। घटना का वीडियो सामने आया है। आसपास के लोगों ने बीच बचाव किया, तब जाकर हंगामा करने वाला वहां से भागा।
संकेत साहू की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, जबकि दूसरे पक्ष ने भी RTI एक्टिविस्ट संकेत साहू पर छेड़छाड़ के मामले में मारपीट व राजीनामा के लिए दबाव डालने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्वालियर के थाटीपुर थाना स्थित शासकीय क्वार्टर में RTI एक्टिविस्ट संकेत साहू रहते हैं। उनके पिता के शासकीय आवास में शुक्रवार को एक मनु प्रकाश पचौरी साइकिल से बड़बड़ाता हुआ आया और गाली गलौज करने लगा। जब उसका विरोध किया तो आरोपी ने घर पर पथराव कर दिया। जिसमें घर में एक मासूम बच्चा चोटिल होने से बच गया।
घर की महिलाओं ने रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उनसे भी मारपीट कर अभद्रता की। हंगामा होने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए और स्थिति को संभाला। लोगों ने हंगामा व पथराव कर रहे व्यक्ति को समझाया और वहां से भगाया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो RTI एक्टिविस्ट संकेत साहू ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था। जिसको उन्होंने पुलिस को दिखाते हुए आरोपी पर पथराव, हमला करने की एफआईआर दर्ज की है।
RTI एक्टिविस्ट पर भी मामला दर्ज
इस घटना के बाद दूसरे पक्ष से भी मनु प्रकाश पचौरी थाना पहुंचा और उसका कहना था कि एक छेड़छाड़ के मामले में RTI एक्टिविस्ट संकेत साहू ने राजीनामा के लिए धमकाया और मारपीट कर दबाव बनाने का प्रयास किया है। जिस पर पुलिस ने RTI एक्टिविस्ट के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि RTI एक्टिविस्ट की शिकायत पर दूसरे पक्ष पर घर पर हमला करने का मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित ने एक वीडियो भी पेश किया है, जबकि दूसरे पक्ष ने धमकाने व मारपीट का आरोप लगाया है। जिस पर RTI एक्टिविस्ट के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।