Tuesday, July 14, 2015

आरटीआई की जानकारी देने ननि ने मांगे पौने 11 लाख

Nai Duniya: Jabalpur: Tuesday, July 14, 2015.
शहर में लगने वाले टॉवरों की जानकारी अगर आपको सूचना के अधिकार के तहत लेनी है तो पौने 11 लाख नगर निगम में जमा करना होगा। यह आश्चर्यजनक जरूर है लेकिन सच है। आरटीआई के तहत टॉवरों की जानकारी मांगने वाले आवेदक को नगर निगम ने इतनी ही राशि जमा करने का नोटिस भेजा है।
क्या है मामला
हाथीताल निवासी आशीष साहू ने 2जी और 3जी टॉवरों के लिए दी गई अनुमति के दस्तावेजों की नकल मांगी है। नगर निगम ने राशि जमा करने के लिए जो नोटिस दिया है उसमें बताया गया है कि दी गईं अनुमतियों की 358 नस्तियां हैं। इन सभी नस्तियों की छायाप्रति करानी होगी ताकि जानकारी दी जा सके। नगर निगम एक सूचना के अधिकार के तहत जो जानकारी देता है उसकी एक प्रति के 2 रुपए जमा कराए जाते हैं। इस हिसाब से आवेदन की निश्चित अवधि के भीतर नगर निगम ने उन्हें 10 लाख 74 हजार रुपए जमा करने का नोटिस जारी किया है। ताकि जानकारी की नस्तियों की फोटोकॉपी उन्हें उपलब्ध कराई जा सके।
निगम इतिहास का पहला मामला
सूचना के अधिकार के तहत कोई भी जानकारी मांगने वाले ने नगर निगम में अभी तक इतनी राशि जमा नहीं की होगी। यह पहला मामला होगा जब निगम ने किसी को जानकारी उपलब्ध कराने के लिए पौने 11 लाख रुपए जमा करने का नोटिस भेजा है।
ऐसे समझें 10.74 लाख क्यों
·         एक नस्ती 1500 पेज
·         कुल नस्ती 358
·         एक पेज का चार्ज 2 रुपए
·         कुल पेज 537000
·         कुल पेजों का चार्ज 1074000
·         2जी, 3जी टॉवर 435
·         4जी टॉवर 272