Friday, March 07, 2014

आरटीआई में चला पता, 9 माह में सिर्फ 25 प्रतिशत ही बन पाई सड़क

दैनिक भास्कर: अमृतसर: Friday, March 07, 2014.
मेयर बख्शी राम अरोड़ा सहित अन्य नेता विकास कार्यों की शुरुआत के बाद अपने नाम के पत्थर लगवा रहे हैं, लेकिन यह काम पूरे हो रहे या नहीं? इनसे नेताओं को कोई सरोकार नहीं है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है कि जिसमें मेयर बख्शी राम अरोड़ा ने सेहत विभाग की मुख्य संसदीय सचिव डा. नवजोत कौर सिद्धू के साथ 1 जून 2013 को सिटी सेंटर में बनाई जाने वाली सड़क का नींव पत्थर रख कर उसका काम शुरू करवाया था। 9 माह बीत जाने के बावजूद भी इस सड़क का काम पूरा नहीं हो पाया है।
कांग्रेस के आरटीआई सेल के वाइस चेयरमैन राजिंदर सिंह द्वारा मांगी गई सूचना में निगम ने जवाब दिया है कि 9 माह में सड़क का 25 फीसदी काम ही हो पाया है। इलाका निवासियों ने निगम के इस लचर रवैये को लेकर रोष जताया है। सड़क में कई कई फीट गड्ढे पड़े हुए हैं। कांग्रेस आरटीआई सेल के चेयरमैन वरुण भाटिया, वाइस चेयरमैन राजिंदर सिंह और महासचिव प्रभजोत सिंह ने कहा कि मेयर को नींव पत्थर रखने की बजाय उन कामों को पूरा करवाने की तरफ ध्यान देना चाहिए, जो शुरू तो हुए लेकिन पैसे न होने के कारण खत्म नहीं हो सके। जिस गति से काम चल रहा है, ऐसे तो यह काम 10 वर्षों में भी पूरा नहीं हो सकेगा।
इसे लेकर मेयर बख्शी राम अरोड़ा ने कहा कि सिटी सेंटर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की स्कीम है। निगम को केवल इसे एक्जीक्यूट कर रहा है। जैसे-जैसे ट्रस्ट से पैसे आते जाएंगे, काम किया जाएगा। जब उनसे यह पूछा गया कि इस सड़क को पूरा होने में कितना समय लगेगा तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने दोहराया कि यह तो ट्रस्ट पर डिपेंड करता है कि वह पैसे कैसे देगा, क्योंकि कोई भी काम बिना पैसों के संभव नहीं है।