Thursday, November 12, 2026

बस्ती में RTI मांगने पर दो पक्षों में विवाद, चाकू से शिक्षिका की हत्या, 3 घायल : Written By : सतीश श्रीवास्तव

ABP News: Uttar Pradesh: Thursday, 12 November 2026.
बस्ती के ताहिरापुर गांव में शिक्षिका की नियुक्ति में कथित फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए एक पक्ष द्वा RTI से जानकारी मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद में चाकू से हमला कर शिक्षिका सुधा की हत्या कर दी गई.

शिक्षिका की हत्या की आरोपी लक्ष्मी यादव गिरफ्तार

RTI
से जानकारी मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया. बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के ताहिरापुर गांव में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. शिक्षिका की नियुक्ति में कथित फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए एक पक्ष द्वारा जनसूचना मांगे जाने को लेकर शुरू हुए विवाद में चाकू से हमला कर शिक्षिका सुधा की हत्या कर दी गई. इस हमले में उनके पति, बेटा और बेटी भी घायल हो गए. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों आलोक प्रेमचंद सहित दो अन्य को हिरासत में ले लिया.
मामले की शुरुआत दोनो पक्षों में पुरानी रंजिश को लेकर बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि जनसूचना मांगे जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे गहराता चला गया. आरोप है कि सूचना मांगने की बात को लेकर पैदा हुई नाराजगी ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि मामला जानलेवा हमले तक पहुंच गया.
घायल पति, बेटे और बेटी को उपचार के भेजा जिला अस्पताल
बताया जा रहा है कि ताहिरापुर गांव में इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. शुरुआत में कहासुनी और विवाद की स्थिति बनी, लेकिन कुछ ही देर में हालात बिगड़ गए. आरोप है कि इस दौरान चाकू से हमला कर दिया गया. हमले में शिक्षिका सुधा गंभीर रूप से घायल हो गईं. उनके परिवार के अन्य सदस्य भी हमलावरों के निशाने पर आ गए. शिक्षिका के पति, बेटे और बेटी को भी चोटें आईं. अचानक हुई इस वारदात से मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े.
चाकू से किए गए हमले में शिक्षिका सुधा की जान चली गई. पति और बच्चों के सामने परिवार की सदस्य की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. घटना में घायल पति, बेटे और बेटी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. एक ही परिवार के चार सदस्यों के इस तरह घटना की चपेट में आने से गांव के लोगों में भी दहशत का माहौल है.
मामले में पुलिस ने आरोपियों को लिया हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही कलवारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस उपाधिक्षक बृजेश सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. विवाद की असल वजह, हमले में शामिल लोगों की भूमिका और घटना के पीछे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है.
जनसूचना अधिकार अधिनियम आम नागरिकों को सरकारी विभागों और सार्वजनिक प्राधिकरणों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत जानकारी प्राप्त करने का कानूनी अधिकार देता है. ऐसे में किसी नियुक्ति को लेकर जानकारी मांगने के विवाद का कथित तौर पर हिंसक संघर्ष में बदल जाना बेहद गंभीर मामला है. हालांकि, इस वारदात के पीछे की वास्तविक वजह और दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद की पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
फिलहाल कलवारी थाना क्षेत्र के ताहिरापुर गांव में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. एक शिक्षिका की मौत और परिवार के तीन अन्य सदस्यों के घायल होने से मामला बेहद गंभीर हो गया है. पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है. अब देखना होगा कि पुलिस जांच में इस खूनी संघर्ष की असली वजह क्या सामने आती है और इस जघन्य वारदात में किसकी क्या भूमिका रही है.