Monday, May 18, 2026

'RTI में झूठे निकले सुक्खू सरकार के दावे, नहीं हुआ किसी पुरुष मरीज के बच्चेदानी का ऑपरेशन'

ETV Bharat: Dharamshala: Monday, 18 May 2026.
हिमकेयर और आयुष्मान योजना पर घोटाले के आरोप को लेकर भाजपा विधायक ने कांग्रेस सरकार पर तीखा निशाना साधा.
हिमाचल प्रदेश में हिमकेयर और आयुष्मान योजना में घोटाले को लेकर भाजपा विधायक डॉ. जनक राज ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है. भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों के लिए शुरू की गई स्वास्थ्य योजनाओं को बदनाम कर बंद करने की साजिश रच रही है और झूठे व भ्रामक आरोप लगाए जा रहे हैं. गौरतलब है कि कांग्रेस सरकार ने पूर्व भाजपा सरकार पर हिमकेयर और आयुष्मान योजना में घोटाले करने के गंभीर आरोप लगाए हैं.
"कांग्रेस सरकार खुद अपने दावों में उलझी हुई है. पहले विधानसभा के बजट सत्र में हिमकेयर योजना में 1100 करोड़ रुपए के घोटाले की बात कही गई. बाद में इसे घटाकर 110 करोड़ रुपए कर दिया गया. इसके बाद पुरुषों में बच्चेदानी (यूट्रस) ऑपरेशन किए जाने जैसे दावे सामने लाए गए, जो पूरी तरह से भ्रामक हैं. प्रदेश सरकार खुद स्पष्ट नहीं है कि वो क्या साबित करना चाहती है." - डॉ. जनक राज, विधायक, भरमौर
4 सालों में हुए बच्चेदानी के ऑपरेशन
भाजपा विधायक डॉ. जनक राज ने कहा कि आरटीआई के तहत इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज से प्राप्त आंकड़ों में कहीं भी पुरुष मरीज के बच्चेदानी के ऑपरेशन का मामला सामने नहीं आया है. उन्होंने कमला नेहरू अस्पताल शिमला में हुए बच्चेदानी ऑपरेशनों का भी वर्षवार ब्यौरा साझा किया है. जिसके तहत साल 2019 में 814 ऑपरेशन हुए हैं, साल 2020 में 429 ऑपरेशन, साल 2021 में 600 ऑपरेशन और साल 2022 में 779 ऑपरेशन
हुए हैं.
'नहीं हुआ कोई फर्जी भुगतान या घोटाला'
भरमौर से भाजपा विधायक डॉ. जनक राज ने कहा कि जिन चार मामलों को कांग्रेस सरकार बार-बार उछाल रही है, उनमें कोई सर्जरी नहीं हुई थी. संबंधित मरीज कैंसर से पीड़ित थे और उन्हें केवल कीमोथेरेपी दी गई थी. पैकेज एडजस्टमेंट और डॉक्यूमेंटेशन प्रक्रिया के कारण यह तकनीकी एंट्री हो सकती है, लेकिन इसमें किसी प्रकार का फर्जी भुगतान या घोटाला नहीं हुआ है.
'डॉक्टरों और मेडिकल साइंस का बनाया मजाक'
पेशे से न्यूरोसर्जन डॉ. जनक राज ने कहा कि इस तरह के बयानों से प्रदेश सरकार ने पूरे चिकित्सा जगत की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है. उन्होंने कहा कि आईजीएमसी शिमला और टांडा मेडिकल कॉलेज से पढ़े डॉक्टर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे एम्स और आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज सहित विदेशों में भी सेवाएं दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि मेडिकल साइंस में पुरुषों में यूट्रस जैसी दुर्लभ स्थितियों के कुछ मामले दुनिया में सामने आए हैं, लेकिन हिमाचल में हिमकेयर योजना के तहत ऐसा कोई ऑपरेशन नहीं हुआ है. भाजपा विधायक ने लोगों और मीडिया से अपील की है कि इस विषय को राजनीतिक नजरिए से देखने की बजाए वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर समझा जाए.
चेस्टर हिल लैंड घोटाले पर सरकार को घेरा
भाजपा विधायक डॉ. जनक राज ने प्रदेश सरकार पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बहुचर्चित चेस्टर हिल लैंड स्कैम मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि इस मामले में पूर्व मुख्य सचिवों तक ने बयान दिए हैं, लेकिन सरकार इसे आपसी मामला बताकर नजरअंदाज कर रही है. विधायक ने आरोप लगाया कि जिन अधिकारियों के नाम ओडीआई (Officer of Doubtful Integrity) सूची और सीबीआई की रेड लिस्ट में हैं, उन्हें बचाने का प्रयास किया जा रहा है.
जनक राज ने सरकार को दी खुली चुनौती
भरमौर विधायक डॉ. जनक राज ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर आरोपों में सच्चाई है तो सरकार तथ्य सार्वजनिक करे. उन्होंने कहा कि झूठे प्रचार के जरिए जनता को गुमराह करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है. हिमकेयर जैसी गरीब हितैषी योजना को बदनाम कर बंद करने का प्रयास नहीं होना चाहिए, क्योंकि इसका सबसे ज्यादा लाभ गरीब और जरूरतमंद लोगों को मिलता है. विधायक ने कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर पूरी मजबूती से जनता की आवाज उठाती रहेगी.