Saturday, February 01, 2025

देहरादून में 250 बीघा से ज्यादा वन भूमि पर कब्जा, अवैध निर्माण भी कर दिया; RTI से खुला राज

MSN: Dehradun: Saturday, 1 February 2025.
देहरादून के लाडपुर क्षेत्र में ढाई सौ बीघा से ज्यादा वन भूमि पर अतिक्रमण कर प्लाटिंग कर दी गई। इस भूमि पर कई जगह पर निर्माण भी कर दिया गया है। वन विभाग के रिटायर सर्वेयर को आरटीआई से मिली जानकारी से मामले का खुलासा हुआ। मुख्य सूचना आयुक्त विपिन चंद्र ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए पीसीसीएफ और डीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मसूरी वन प्रभाग की रायपुर रेंज के अधोईवाला लाडपुर में 2018 से व्यापक पैमाने पर प्लाटिंग शुरू हुई थी। इसमें करीब ढाई सौ बीघा भूमि को वन भूमि बताते हुए कुछ लोगों ने इसकी शिकायत वन विभाग से की थी। तत्कालीन अधिकारियों ने इसे वन भूमि ना मानते हुए ये कहा कि राजस्व अभिलेखों में यह वन भूमि में दर्ज नहीं है। यह भी कहा गया कि अभी 1993 के वन भूमि बंदोबस्ती में संशोधन नहीं हुआ है, जिस कारण वन भूमि को चिन्हित नहीं किया जा सकता।
जानकारी मिलने पर विभाग के ही रिटायर सर्वेयर सीपी डोभाल ने राजस्व से इस भूमि के सारे रिकॉर्ड सूचना के अधिकार में लिए। जिसमें यह पता चला कि बंदोबस्ती रिकॉर्ड का दुरुस्तीकरण कर उक्त भूमि को आरक्षित भूमि घोषित किया जा चुका है। पीसीसीएफ डा. धनंजय मोहन का कहना है कि मामला संज्ञान में आ गया है। ये बेहद गंभीर विषय है। सूचना आयुक्त के आदेश के अनुसार मामले की जांच करवाई जा रही है।
मुख्य सूचना आयुक्त विपिन चंद्र ने कहा, 'मामला बेहद गंभीर है। बंदोबस्ती में त्रुटि की बात कहकर वन विभाग अतिक्रमण नहीं रोक पाया। एक आम आदमी ने आरटीआई में इतने अहम तथ्य और दस्तावेज हासिल कर लिए। जबकि विभाग के अधिकारी पावर होने के बाद भी इसका पता नहीं लगा पाए। इस मामले में विभाग की बड़ी लापरवाही भी है। उच्चाधिकारियों को भी इसका संज्ञान लेना चाहिए था।'