Wednesday, December 22, 2010

5 नागरिकों, पत्रकार और सूचना अधिकारी को आरटीआई अवॉर्ड

दैनिक भास्कर; नई दिल्ली; 22 December,2010,
वर्ष 2010 के राष्ट्रीय आरटीआई अवार्ड विजेताओं की घोषणा कर दी गई है। अवार्ड की जूरी के सदस्यों ने पांच नागरिकों, एक पत्रकार और एक सूचना अधिकारी को इस सम्मान के लिए चुना है। आरटीआई अवॉर्ड सचिवालय के मुताबिक समारोह में सूचना के लिए जान देने वालों को भी याद किया जाएगा।
अवार्ड की जूरी के सदस्य नारायण मूर्ति, जस्टिस जेएस वर्मा, मधु त्रेहन, जेएम लिंगदोह और संजय गुप्ता ने सोमवार को अवॉर्ड के लिए नामों का चयन किया। उन्होंने यह भी तय किया कि इस वर्ष सूचना के लिए जान देने वाले दस लोगों को मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा।
कौन हैं विजेता:
सर्वश्रेष्ठ आरटीआई पत्रकार का अवार्ड ‘आउटलुक’ के सैकत दत्ता को ढाई हजार करोड़ के घोटाले का खुलासा करने के लिए दिया जाएगा। उन्होंने गरीबों का चावल दूसरे देशों में बेचने की जानकारी का खुलासा किया।
सर्वश्रेष्ठ आरटीआई नागरिक का अवार्ड मुंबई की विनीती कामटे (मुंबई हमले में शहीद हुए पुलिस अफसर अशोक कामटे की पत्नी), करवासरा के मनोज कुमार, हरियाणा के रमेशकुमार वर्मा, गोवा के राजन सावलो घाटे और उत्तरप्रदेश के अतहर शमसी को दिया जाएगा। इनका चयन 726 नामों में से किया गया।
सर्वश्रेष्ठ सूचना अधिकारी का अवार्ड हिमाचलप्रदेश के बिलासपुर में बीडीओ प्रदीप कुमार को दिया जाएगा। उनके पास आए सभी 65 आवेदनों के बारे में उन्होंने महीनेभर के भीतर जानकारी दी। इस पर जानकारी
चाहने वाले 95.8 फीसदी लोगों ने संतुष्टि जताई।