Tuesday, September 10, 2019

हेलीमंडी में आरटीआई कार्यकर्ता पर एससीएसटी एक्ट का मामला दर्ज, पंचायत ने जताया विरोध

दैनिक भास्कर: National: Tuesday, September 10, 2019.
हेलीमंडी में आरटीआई कार्यकर्ता की पार्षद द्वारा नगरपालिका कार्यालय में पिटाई और एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के विरोध में नगरपालिका के सामने लोगों ने एक पंचायत कर इस फैसले का विरोध किया। एकत्रित हुए लोगों को कहना था कि किसी भी सूरत में इस एक्ट का गलत उपयोग नहीं होना चाहिए। अगर ऐसा हुआ तो समाज में आपसी द्वेष भावना बढ़ेगी। मामले की पूरी जांच के बाद ही इस किसी की गिरफ्तारी की मांग भी लोगों ने की।
पंचायत को संबोधित करते हुए मास्टर ओम सिंह ने कहा कि कुछ लोग सुनियोजित तरीके से नगरपालिका में हो रहे गोलमाल को बाहर नहीं आने देना चाहते हैं। जिसके कारण यह षड़यंत्र रचा गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की हैं कि किसी भी निर्दोष के साथ गलत नहीं होना चाहिए।
पटौदी. हेलीमंडी में नगरपालिका के सामने पंचायत करते लोग।
क्या है विवाद: आरटीआई कार्यकर्ता मुकेश गुप्ता पर आरोप हैं कि उन्होंने वार्ड पार्षद रिंकू को जाति सूचक शब्दों से संबोधित किया तथा उनके साथ मारपीट की। इसी तरह के आरोप आरटीआई कार्यकर्ता मुकेश ने लगाते हुए कहा है कि उसको नगरपालिका कार्यालय स्थित नपा अध्यक्ष के कमरे में तीन लोगों ने घसीट कर पीटा। जब वो किसी आरटीआई के बारे में नपा सचिव से मिलने गए थे। पुलिस ने दोनों की शिकायत पर पहले ही मामला दर्ज कर लिया है।
बढ़ रहा है आक्रोश
वार्ड पार्षद और आरटीआई कार्यकर्ता के बीच मारपीट के बाद अब पार्षदों के खिलाफ स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पंचायत में कहा गया कि जिस प्रकार की हरकत की जा रही है। ऐसे में पार्षदों को गलत का साथ छोड़ सही के साथ खड़ा होना चाहिए। इसको लेकर हेली मंडी के मुख्य बाजार में जुलूस भी निकाला गया। जिसमें एससीएसटी एक्ट के दुरुपयोग को रोकने की मांग की गई तथा पार्षदों के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। इस अवसर पर किसान संघ के प्रदेशाध्यक्ष मास्टर ओम सिंह, पूर्व कप्तान जनक सिंह, राज सिंह, धर्म सैनी, संदीप, हितैष, सुभाष चैहान, विकासदीप तंवर, पूर्व पार्षद सुंदर सिंह, रवि चैहान, सुरेंद्र चैहान, त्रिलोक सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।